दिनांक 09 मार्च, 2021


अंक 716

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर में श्री गुरुजी सेवा न्यास के नवनिर्मित मेडिकल सेंटर का किया शुभारंभ

चिकित्सालय में न्यूनतम दर पर दी जायेंगी सर्वसुलभ स्वास्थ्य सुविधाएँ
सेवा भाव के संस्कारों का केंद्र है इंदौर शहर - मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को इंदौर में श्री गुरुजी सेवा न्यास के नवनिर्मित माधव सृष्टि चमेली देवी अग्रवाल मेडिकल सेंटर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सह-सरकार्यवाह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के श्री सुरेश सोनी, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, क्षेत्रीय संघ संचालक श्री अशोक सोनी सहित श्री गुरुजी सेवा न्यास के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रकल्प के माध्यम से सार्थक होगी सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः की भावना

लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा में सुधार एवं गुणवत्ता लाने के लिए समाज का सहयोग हमेशा से ही आवश्यक रहा है। इस सहयोग और सेवा भाव के निर्माण का कार्य राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ तथा श्री गुरुजी सेवा न्यास के सेवा भारतीयों द्वारा सतत रूप से किया जा रहा है। सेवा भाव की इसी परंपरा से वशीभूत होकर निर्मित किए गए इस मेडिकल सेंटर के प्रकल्प के माध्यम से इंदौर स्वच्छता के साथ-साथ स्वस्थ शहर की ख्याति प्राप्त करने के पथ पर अग्रसर हो चुका है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इंदौर सेवा भाव में केवल प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश में भी हमेशा से ही आगे रहा है। कोरोना काल में लगे लॉकडाउन के समय प्रवासी मजदूरों की सेवा में इंदौर रहवासियों ने तत्परता से आगे बढ़कर सहयोग एवं सहायता प्रदान करते हुए समाज सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण पेश किया। इसी सामाजिक सहयोग के  सकारात्मक साकार रूप का दर्शन इस प्रकल्प की अवधारणा में देखने को मिलता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समाज के प्रति समर्पण भाव एवं पीड़ित तथा जरूरतमंदों की स्वास्थ्य समस्याओं के निवारण के लिए श्री गुरुजी सेवा न्यास द्वारा निर्मित किए गए इस अनूठे तथा आधुनिक संसाधनों से परिपूर्ण मेडिकल सेंटर के निर्माण के लिए सभी सहयोगियों को शुभकामनाएँ व्यक्त की। उन्होंने आश्वासन दिया कि श्री गुरुजी सेवा न्यास के इस प्रकल्प को साकार रूप देने में राज्य शासन तथा जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

कोरोना से बचाव हेतु आवश्यक एहतियात बरतें

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इंदौर उत्सव प्रिय शहर है तथा यह प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी भी है। इसलिए कई जिलों एवं राज्यों के लोगों का यहाँ आवागमन बना रहता है। प्रदेश के पड़ोसी राज्यों तथा जिले में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने जिले वासियों से कोरोना के प्रति लापरवाही ना दिखाते हुए आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आज के इस लोकार्पण कार्यक्रम में कोविड-19 प्रोटोकॉल तथा शासन की गाइडलाइन का पालन किया गया है, उसी तरह दैनिक दिनचर्या एवं अन्य आयोजनों में भी कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग एवं सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन अनिवार्य रूप से करें।

समारोह में मेडिकल सेंटर के निर्माण में सहभागी रहे श्री गुरुजी सेवा न्यास के प्रांतीय पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। मेडिकल सेंटर में आयुष्मान कार्ड निर्माण का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है, जिसके तहत 4 हितग्राहियों को आज के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा आयुष्मान कार्ड भेंट किए गए। समारोह के अंत में श्री गुरुजी सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. मुकेश मोढ ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा वंदे मातरम के गान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

सामान्य दर पर उपलब्ध कराई जाएंगी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ

उल्लेखनीय है कि इंदौर जिले में जरूरतमंद लोगों को सर्वसुलभ स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री गुरुजी सेवा न्यास द्वारा माधव सृष्टि चमेली देवी मेडिकल सेंटर स्थापित किया गया है। यहाँ हर वर्ग के वंचित व जरूरतमंद लोगों को 50 से 70 फीसदी डिस्काउंट रेट में चिकित्सा सुविधाएँ मिलेंगी। माधव सृष्टि में डायलिसिस सेंटर, पैथोलॉजी लैब, सर्व चिकित्सा परामर्श केंद्र, फिजियोथेरेपी सेंटर, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, ब्लड बैंक तथा योग केंद्र आदि मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएँ जिले वासियों को उपलब्ध कराई जायेंगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया डॉ. जैन के निधन पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आगर मालवा के चिकित्सक डॉ. मुकेश जैन के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना काल में अनेक चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने मानवता के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। डॉ. जैन भी इनमें से एक थे। ऐसे सेवाभावी और समर्पित चिकित्सकों के कारण ही कोरोना जैसी महामारी पर नियंत्रण संभव हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिवंगत डॉ. जैन की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

राज्य शासन का लक्ष्य है कि हर नागरिक को मिले न्याय और उसका अधिकार:मुख्यमंत्री श्री चौहान

भू-माफियाओं से पीड़ित प्लाट धारकों ने न्याय और हक मिलने पर मुख्यमंत्री श्री चौहान का किया सम्मान

इंदौर में भू-माफियाओं के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के सकारात्मक एवं सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं। भू-माफियाओं से पीड़ित प्लाट धारकों ने अपने प्लाट का कब्जा मिलने पर इंदौर में आयोजित 'घर का सपना-पूरा हुआ अपना' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का सम्मान करते हुए उनके प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री श्री चौहान का विभिन्न रहवासी संघों ने शाल-श्रीफल तथा प्रशस्ति-पत्र से सम्मान किया।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सम्मान के प्रत्युत्तर में कहा कि मुझे आभार एवं स्वागत की जरूरत नहीं है। नागरिकों की खुशी, मुस्कराहट एवं उनके चेहरे की चमक ही मेरा स्वागत है। मैं जनता का सेवक हूँ। मैं आपको न्याय दिलाने के लिये हूँ। मुझे जनता का आनंद एवं संतोष चाहिये। मैं जनप्रतिनिधियों का आभारी हूँ कि उन्होंने मुझे वास्तविक समस्याओं से अवगत कराया, जिससे कि मैं पीड़ितों को उनका हक एवं न्याय दिलवा सका हूँ। उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य है कि आम जनता को न्याय एवं अधिकार मिले। प्रदेश में किसी भी भू-माफिया को नहीं छोड़ा जायेगा। बेईमानों, बदमाशों, गुंडों को मध्यप्रदेश छोड़ देना चाहिये। जनता के साथ अत्याचार एवं अन्याय करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हाल ही में धर्म स्वातंत्रय विधेयक पास हो गया है। बालिकाओं के साथ दुराचार एवं अनाचार करने वालों को इसके माध्यम से सख्त सजा मिलेगी। प्रदेश में सबको न्याय मिलेगा। प्रदेश में अब अलग तरह का राज और सरकार का अलग तरह का अंदाज है। सबको न्याय मिलेगा। राजधर्म का पूरा पालन होगा। शासन एवं प्रशासन सज्जनों के लिये फूल के समान कोमल एवं दुष्टों के लिये वज्र से ज्यादा कठोर है।

श्री चौहान ने भू-माफियाओं के विरूद्ध इंदौर में कलेक्टर श्री मनीष सिंह के निर्देशन में की गई कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदेश ही नहीं देश के लिये मिसाल होगी। उन्होंने कलेक्टर श्री मनीष सिंह को कहा कि वे अन्य अधिकारियों को भी अपना प्रजेंटेशन दें। उन्होंने कहा कि भूमाफियाओं के विरूद्ध कार्यवाही करना हमारा फर्ज है। सभी को प्लाट का कब्जा दिलवाने एवं उनको मकान बनवाने में प्रशासन द्वारा पूरी मदद की जायेगी।

 जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री ने तीन दशक के पीड़ितों को न्याय दिलवाया है। पीड़ितों की वर्षों की तपस्या आज लम्बे समय बाद शासन की दृढ़ इच्छा शक्ति से सफल हुयी है। प्रदेश में राज्य सरकार का संकल्प है कि हर आवासहीन का अपना घर होगा। भू-माफियाओं के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जायेगी। 

सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जिस तत्परता से कठोर कार्रवाई की, वह सराहनीय है। यह मुहिम हर पीड़ित को उनका हक दिलाने तक जारी रहेगी। हर पीड़ित को प्लाट मिले, इसका पूरा प्रयास किया जायेगा।

      विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया ने कहा कि गृह निर्माण सहकारी संस्थाओं के सदस्यों को न्याय दिलाना बहुत बड़ी चुनौती थी। समस्या जटिल थी। दृढ़ इच्छा शक्ति से प्लाट धारकों को न्याय दिलवाया गया। नागरिकों के साथ धोखाधड़ी करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाना चाहिये।

      कार्यक्रम में पुष्प विहार कॉलोनी के प्लाटधारकों की ओर से आभार जताते हुए श्री नंदकिशोर मिश्रा ने कहा कि शब्दों में खुशी बंया नहीं की जा सकती है। हमें कल्पना से ज्यादा मिल गया। बहुत बड़ी पीड़ा से मुक्ति मिली है। मुख्यमंत्री जी महान है। असंभव को संभव कर दिखाया। हमने 30 से 35 साल तक बड़ा संघर्ष किया, दर-दर चक्कर लगाये, कोई बात करने को तैयार नहीं था। अब शासन–प्रशासन हमारे द्वार पर आकर समस्या हल कर रही है। पहले हम असुरक्षित थे, अब माफिया असुरक्षित है। मुख्यमंत्री जी ने माफियाओं का जाल तोड़ दिया है। लगता है अब राम राज्य आ गया है। हम पीड़ितों को न्याय मिला है। प्रशासन ने अतुलनीय सहयोग दिया है। इंदौर में भू-माफियाओं के विरूद्ध की गयी कार्रवाई देश के लिये उदाहरण है। इंदौर में हो रही कार्रवाई इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखी जायेगी।

इसी तरह महालक्ष्मी नगर के पीड़ितों की ओर से आभार जताते हुए श्री अरूण सक्सेना ने कहा कि हमारी 35 वर्ष पुरानी समस्या थी। युवा अवस्था में कई लोग सदस्य बने थे, वह अब बुजुर्ग हो गये, कुछ तो अब इस दुनिया में ही नहीं है। हमें बहुत दुख: होता था। हमारा हक पाने के लिये बहुत परेशानी उठाना पड़ी। जब हम पूरी तरह से निराश हो गये थे, ऐसे वक्त में मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर भू-माफियाओं के विरूद्ध शुरू हुए अभियान से आशा की नई किरण दिखायी दी। अब न्याय और हमारा हक मिलने से हमारे बुझे हुये जीवन में नयी रोशनी आ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिये शब्द नहीं है।

अयोध्यापुरी कॉलोनी रहवासी संघ की ओर से आभार व्यक्त करते हुये श्री गौरीशंकर लाखोटिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने भू-माफियाओं के विरूद्ध बड़ी एवं कड़ी कार्रवाई की है। शासन एवं प्रशासन की कार्रवाई से वर्षों से भटक रहे तीन सौ परिवारों के घरों का सपना साकार होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। दीपकुंज कॉलोनी की ओर से अभार व्यक्त करते हुये श्री प्रदीप शर्मा ने कहा कि 30 वर्ष से न्याय प्राप्त करने के लिये संघर्ष कर रहे थे। अब जाकर हमें न्याय मिला। कॉलोनी में तेज गति से विकास हो रहा है। अब हमारे घर का सपना साकार हो रहा है। दीपकुंज कॉलोनी को शहर की सबसे सुन्दर कॉलोनी बनाई जायेगी।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम में महालक्ष्मी नगर कालोनी में वर्षों से प्लाट की आस में बुजुर्ग और दिव्यांग हो गई वृद्धा श्रीमती अनिता डफाल के पास पहुँचकर चर्चा की। इस बुजुर्ग महिला को मुख्यमंत्री जी ने ढाँढस बंधाया और विश्वास दिलाया कि उसका हक हर हाल में उसे दिलवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि वे निराश नहीं हो, शासन-प्रशासन द्वारा पूरी मदद दी जायेगी।

इस अवसर पर  श्री रमेश मेंदोला, श्रीमती मालिनी गौड़ तथा श्री आकाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता तथा श्री राजेश सोनकर विशेष रूप से मौजूद थे।

“घर का सपना-पूरा हुआ अपना”

  • 'घर का सपना-पूरा हुआ अपना' कार्यक्रम में 1000 सोसाइटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का आभार प्रदर्शन किया।

  • 1000 सोसायटियों में भू-माफियाओं से कब्जे वापस लिए गए।

  • शहर के बड़े भू-माफिया के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज की गई है।

  • पहले चरण में 2239 भूखंडों की तीन कालोनियों की समस्या दूर कर पात्र हितग्राहियों को आधिपत्य दिया जाएगा।

  • अगले चार महीने में 12 सोसायटियों के लगभग 8-10 हजार सदस्यों की समस्या का निपटारा कर 35000-40000 करोड़ के भूखंड पात्र सदस्यों को दिए जायेंगे।

  • मजदूर पंचायत सोसयटी और देवी अहिल्या बाई सोसायटी के करीब तीन हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि के 1500 भूखंड मुक्त कराकार पात्र सदस्यों को दिये जा रहे हैं।

  • एक अप्रैल से 30 नवंबर 2020 तक भू-माफिया, गुंडें, बदमाश, जिन्होंने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था, उन पर कई बड़ी कार्रवाईयां की गई।

  • इंदौर में कंप्यूटर बाबा, राजकुमार खटीक, प्यारे मिया, बबलू पंचर, शेख मुख्तियार, सुरेंद्र सांघवी, अश्विन सिरोलिया, शादाब उर्फ लंग्डा, फरहान खान, अकरम उर्फ चिटकू, नबाब खान, बब्बू उर्फ सुल्तान शेख, रमेश सिंह, विक्की यादव, बबलू उर्फ बलराम, अंकित, असलम उर्फ मोटा, संजू काना और संजय, नानू उर्फ जितेंद्र, रघुवीर उर्फ भोण्डी, शुभम उर्फ नेपाली, अलका, धरम उर्फ ठाणे, बबबू उर्फ सुल्तान शेख, छब्बू उर्फ साबिर शेख, मुस्ताख शेख, इस्लाम पटेल, मजहर, लक्की ठाकुर उर्फ हेमंत, सलमान, याकूब, मोनू, जिशान और अथहर बेग जैसे कई भू-माफिया/गुंडों/अपराधियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।

शीध्र ही केश शिल्पी बोर्ड का गठन होगा- मुख्यमंत्री श्री चौहान  

श्री सेन जी महाराज की प्रतिमा छतरी का भूमि-पूजन संपन्न

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शीघ्र ही केश शिल्पी बोर्ड का गठन किया जाएगा।बोर्ड में पदाधिकारी बतौर सेन समाज के ही सदस्य रहेंगे ताकि समाज के उत्थान,आर्थिक सशक्तीकरण के लिए बेहतर कार्य हो सके।   मुख्यमंत्री श्री चौहान मंगलवार को इंदौर में चाणक्यपुरी चौराहे में इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित की जा रही संत शिरोमणि श्री सेन जी महाराज की प्रतिमा छतरी भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी सिलावट ने की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सेन समाज भारतीय संस्कृति जीवन मूल्य पर आधारित कार्य करने वाला और परंपरा को निभाने वाला मेहनतकश समाज है। समाज के बच्चे परंपरागत व्यवसाय के अलावा डॉक्टर इंजीनियर बनना चाहते हैं तो चिन्हित कॉलेजों में उनकी फीस बढ़ाने का काम भी सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने धर्म स्वतंत्र विधेयक की चर्चा करते हुए कहा कि बेटी की सुरक्षा की जवाबदेही सरकार की है।बिलोदा के मामले में न्याय मिले। परिजनों को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। सब को सम्मान, न्याय और सुरक्षा सरकार की जवाबदेही है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से कहा कि सेन समाज का कोई भी पात्र परिवार पात्रता पर्ची से वंचित नहीं रहे। लॉकडाउन में समाज ने काफी कष्ट सहे हैं। इन्हें भी स्ट्रीट वेंडर योजना का लाभ दिया जाएगा। बांधवगढ़ में दो एकड़ जमीन दी गई है। इस पर भव्य मंदिर बन जाए ऐसी तैयारी करेंगें। समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री लालवानी ने कहा कि इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा पूर्व में 16 लाख रुपए खर्च करके प्रतिमा पेडेस्टल बनाया गया था। अब मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आश्वस्त किया है कि छतरी निर्माण में राशि की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। आरंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कन्या-पूजन किया।

इस मौके पर विधायक गण सर्वश्री रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया और अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

राज्य सरकार का प्रमुख टास्क है रोजगार - मुख्यमंत्री श्री चौहान

शासकीय नौकरियों और स्व-रोजगार के लिए हो रही है व्यापक व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद केरियर मार्ग दर्शन योजना के प्रशिक्षणार्थियों को किया संबोधित

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रोजगार सरकार के लिए बड़ा टास्क है। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। शासकीय सेवाओं में जितने आवश्यक पद है, उन्हें भरा जाएगा। इसके साथ ही स्व-रोजगार के लिए भी व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं। युवाओं को अपना स्वयं का व्यवसाय आरंभ करने के लिये ''स्टार्ट योर बिजनस इन थर्टी डेज' की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही कौशल उन्नयन और व्यवसायिक प्रशिक्षण की व्यवस्था, लोन की गारंटी और ब्याज पर अनुदान की सुविधा भी प्रदेश के युवाओं को उपलब्ध करायी जा रही है। राज्य सरकार हर कदम पर आपके साथ है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान मंगलवार को स्वामी विवेकानंद केरियर मार्ग दर्शन योजना के अंतर्गत कौशल विकास और स्व-रोजगार के लिए महाविद्यालयों में प्रशिक्षण ले रहे 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों से वर्चुअल संवाद कर रहे थे। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव तथा प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन भी उपस्थित थे।

व्यवसायिक शिक्षा की व्यवस्था के लिये प्रधानमंत्री श्री मोदी का माना आभार

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार मानते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति में व्यवसायिक शिक्षा की व्यवस्था भविष्य में युवाओं के लिये उपयोगी सिद्ध होंगी। स्वामी विवेकानंद केरियर मार्ग दर्शन योजना में ई-कामर्स, ऑनलाइन बैंकिंग और कम्प्यूटर कौशल पर प्रशिक्षण उद्यमशीलता के विकास में महत्वपूर्ण है।

मध्यप्रदेश की बनेंगी अलग पहचान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित होकर व्यवस्थित रूप से परिश्रम करने के लिये प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जो पहल करते है, परिश्रम करते है, सफलता उन्हें ही मिलती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोन काल में ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था जारी रखने के लिये उच्च शिक्षा विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयलीन स्तर पर व्यवसायिक प्रशिक्षण के नवाचार से मध्यप्रदेश की पूरे देश में अलग पहचान बनेंगी।

498 कॉलेजों के विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केरियर मार्ग दर्शन योजना मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा वर्ष 2006 में आरंभ की गई। इस योजना में पहली बार आधुनिक तकनीक के माध्यम से 498 शासकीय महाविद्यालयों के 18 हजार 800 विद्यार्थियों और 1600 प्रधायपकों ने एक साथ स्व-रोजगार और रोजगार का प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण नरोन्हा प्रशासन अकादमी द्वारा ऑनलाइन दिया गया है। मंत्री डॉ. यादव ने उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी।

दस विषयों में है प्रशिक्षण की व्यवस्था

स्वामी विवेकानंद केरियर मार्ग दर्शन योजना के अंतर्गत विद्यार्थी अपनी रूचि के अनुसार दस विषयों में से किसी एक विषय में प्रशिक्षण ले सकते हैं। इसके अंतर्गत उन्नत कृषि कौशल, सौर ऊर्जा संयंत्र संधारण एवं विपणन, पशुधन, कुक्कुट, मधुमक्खी-मत्स्य पालन, पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन कौशल, ई-कामर्स एवं ऑनलाइन बैंकिंग, कराधान, आई.टी.-जी.एस.टी., खाद्य पदार्थ निर्माण एवं प्र-संस्करण, खान एवं खनिज संबंधी स्व-रोजगार, बुनकर, छापा कला-वस्त्र निर्माण, पत्रकारिता और अनुवाद कार्य विषयों को शामिल किया गया है।

शिवपुरी नगर में सुव्यवस्थित जल प्रदाय के लिये तात्कालिक एवं दीर्घकालिक कार्य योजना अमल में लायें - मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा शिवपुरी जल प्रदाय योजना की समीक्षा

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शिवपुरी नगर की जल प्रदाय व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिये मड़ीखेड़ा जल प्रदाय योजना अंतर्गत तात्कालिक और दीर्घकालिक कार्य योजना तैयार कर उसे अमल में लाया जाए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान शिवपुरी नगर की पेयजल प्रदाय समस्या के निराकरण के लिये उच्च स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्री ओ.पी.एस.भदोरिया, अपर मुख्य सचिव श्री मलय श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव नगरीय कल्याण श्री नीतेश व्यास, प्रमुख सचिव श्री मनीष सिंह और आयुक्त नगरीय विकास श्री निकुंज श्रीवास्तव उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि योजना का निर्माण पूर्ण होने के बाद भी शिवपुरी नगर की जल प्रदाय योजना सुव्यवस्थित संचालित क्यों नहीं हो पा रही है, निर्माण में क्या कमियाँ हैं, इसके लिये कौन उत्तरदायी है आदि बिन्दुओं पर जाँच की जाएँ। नगरवासियों को प्रतिदिन पर्याप्त पेयजल मिले सके इसके लिये तत्काल कार्य योजना तैयार कर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये। समस्या का समय-सीमा में स्थायी समाधान आवश्यक है।

मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने शिवपुरी नगर की जल प्रदाय योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मड़ीखेड़ा जल प्रदाय योजना के रॉ-वाटर राईजिंग, क्लीयर वाटर राईजिंग और फीडर मेन पाइप लाइन के बार-बार फूटने से जल प्रदाय बाधित होता है। उन्होंने नगरवासियों को इससे होने वाली परेशानी से अवगत कराया और शीघ्र ही जल प्रदाय व्यवस्था में सुधार लाने की आवश्यकता बताई।

बैठक में बताया गया कि वर्तमान में शिवपुरी नगर में माधव लेक से पाँच एम.एल.डी., भू-जल स्त्रोतों से पाँच एम.एल.डी. और मड़ीखेड़ा जल प्रदाय योजना से 20 से 22 एम.एल.डी. जल उपलब्ध होता है। इस प्रकार कुल 30 से 32 एम.एल.डी. जल प्रदाय हो रहा है। नगर की आबादी की मांग के अनुसार 32.55 एम.एल.डी. जल की आवश्यकता रहती है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान 10 मार्च को करेंगे कलेक्टर-कमिश्नर्स कॉन्फ्रेंस

सभी एस.पी., आई.जी. और संबंधित विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 10 मार्च को 11 बजे राजधानी भोपाल से वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी कलेक्टर, कमिश्नर, आईजी, डीआईजी और पुलिस अधीक्षकों के साथ चर्चा कर विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान कॉन्फ्रेंस में गत माह की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन पर भी चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गत तीन माह से मासिक समीक्षा का क्रम प्रारंभ किया है। कॉन्फ्रेंस में कानून व्यवस्था और विकास की स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की जाती है।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सप्तपर्णी का पौधा लगाया

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट रोड स्थित स्मार्ट पार्क में आज सप्तपर्णी का पौधा लगाया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नर्मदा जयंती पर प्रतिदिन पूरे वर्ष पौध-रोपण का संकल्प लिया था। मुख्यमंत्री श्री चौहान जन-जन को भी निरंतर पौध-रोपण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान का विश्वास है कि वृक्ष ही जीवन है और ऑक्सीजन का मुख्य स्त्रोत होने से जीवन का आधार भी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान जलवायु परिवर्तन की गति को धीमा करने के लिए भी वृक्षारोपण को आवश्यक मानते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा आज रोपा गया सप्तपर्णी का पौधा एक सदाबहार औषधी है, जिसका आयुर्वेंद में बहुत महत्व है। यह खुले घावों को ठीक करने, पीलिया, मलेरिया और दुर्बलता दूर करने में उपयोगी होता है।

महिलाओं की आत्म-रक्षा के लिये 15 दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ

शासकीय कला एवं वाणिज्य (नवीन) महाविद्यालय, भोपाल में महिला दिवस के अवसर पर छात्राओं एवं महिलाओं को आत्म-रक्षा हेतु प्रशिक्षित करने के लिये 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभांरभ किया गया। शुभारंभ समारोह डीएसपी, मध्यप्रदेश पुलिस एवं मुख्य कोच मध्यप्रदेश जूडो अकादमी श्रीमती कमला रावत डॉ. वंदना श्रीवास्तव वरिष्ठ कीड़ा अधिकारी, अग्रणी महाविद्यालय भोपाल की उपस्थिति में हुआ। महाविद्यालय की क्रीड़ाधिकारी डॉ. रश्मि केला-होलानी ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. कल्पना झा के मार्गदर्शन में छात्राओं व महिला स्टॉफ को आत्म-रक्षा के लिये जूडो कराटे के लिये प्रेरित किया। यह शिविर 10 मार्च से 23 मार्च तक प्रतिदिन प्रात: 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा।

श्रीमती कमला रावत और डॉ. कल्पना ने अपने अनुभव साझा किये और छात्राओं को आत्म-रक्षा में जूडो का महत्व बताया। श्रीमती रावत ने छात्राओं से कहा कि सचेत, जागरूक एवं फिट रहकर अपने आपको सशक्त एवं आत्म-रक्षा के गुण सीखकर जीवन में उपयोग करें। उन्होंने खेलों के जरिए पुलिस एवं शासन के विभिन्न विभागों में रोजगार प्राप्त करने की जानकारी भी दी। डॉ. वंदना श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाएँ हर क्षेत्र में आगे आने में सक्षम हैं। उनके पास बहुत ऊर्जा है, वे पुरूषों से कम नहीं हैं। प्रभारी प्राचार्य डॉ. झा ने कहा कि महाविद्यालय द्वारा आत्म-रक्षा कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्राएँ शिविर में आकर लाभांवित हों एवं अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। क्रीड़ाधिकारी डॉ. केला होलानी ने आत्म-रक्षा शिविर के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी और कहा कि यह प्रशिक्षण महिला उत्पीड़न एवं महिला सुरक्षा के लिये अत्याधिक लाभकारी रहेगा। पूर्व छात्रों एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने आत्म-रक्षा के गुणों का प्रदर्शन देकर अपने अनुभव साझा किये। शिविर में जूडो खिलाड़ी श्री संजय चंद्रवंशी ने प्रशिक्षण प्रदान किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान किसानों के लिये सगे भाई से बढ़कर है - मंत्री श्री पटेल

उपकरण खरीदी पर पंजीयन शुल्क 1 प्रतिशत करने पर किया आभार व्यक्त

किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने मंगलवार को कृषि उपकरण हार्वेस्टर पर लगने वाले पंजीयन शुल्क को 10 प्रतिशत से घटाकर एक प्रतिशत करने पर प्रदेश के किसानों की ओर से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि किसान हितैषी मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रदेश के किसानों के लिये सगे भाई से भी बढ़कर है। उनकी योजनाएँ किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ ही सामाजिक कल्याण के लिये होती है। मंत्री श्री पटेल ने बताया कि प्रदेश में किसानों के लिये खरीफ और रबी के अल्पावधि ऋण को भी शून्य प्रतिशत पर प्रदान कराने का निर्णय अभिनंदनीय है। इससे निश्चित ही किसानों को विभिन्न प्रकार की फसलों के उत्पादन के लिये प्रोत्साहन मिलेगा साथ ही उनकी आय में भी वृद्धि होगी। श्री पटेल ने बताया कि किसानों को शून्य प्रतिशत पर ऋण उपलब्ध कराने के लिये सरकार ने एक हजार करोड़ रूपये का प्रावधान किया है।

नोवल कोरोना वायरस (COVID-19) मीडिया बुलेटिन

हरदा का घायल नर बाघ स्वस्थ होकर चला अपने प्राकृतिक रहवास

वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल में उपचार बाद नर बाघ को मंगलवार को पूर्णत: स्वस्थ कराकर अपने प्राकृतिक रहवास को प्रस्थान करा दिया गया है।

संचालक वन विहार श्री अजय यादव ने बताया कि नर बाघ को घायल अवस्था में हरदा से रेस्क्यू कर 13 जनवरी को यहाँ लाया गया था। नर बाघ तत्समय मरणासन्न अवस्था में था। इसके सिर पर गंभीर घाव थे और सिर और उसके पैर में फ्रैक्चर था।

वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. अतुल गुप्ता और सहयोगी स्टाफ के प्रयासों का नतीजा यह निकला कि घायल नर बाघ को पूर्णत: स्वस्थ कर दिया गया। वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह एवं मुख्य वन्य प्राणी अभिरक्षक ने इस बाघ का बाहय निरीक्षण किया और चिकित्सकों की सलाह पर इसे प्राकृतिक रहवास में छोड़े जाने की सहमति दी।

आजादी के 75 वें वर्ष के पूर्व स्वदेशी विज्ञान महोत्सव यात्रा जारी

विद्यार्थियों को विज्ञान से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी विज्ञान यात्रा: मंत्री श्री सखलेचा

विद्यार्थियों की विज्ञान में रूचि पैदा करने और आमजन के बीच विज्ञान की गौरवपूर्ण उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए विज्ञान यात्रा का आयोजन जरूरी है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा गुरुवार को नेहरू नगर स्थित विज्ञान भवन में विज्ञान यात्रा के भोपाल जिले में प्रवेश के अवसर पर सम्बोधित कर रहे थे।

श्री सखलेचा ने कहा कि पूरी दुनिया को विज्ञान का मूल मंत्र भारत ने ही दिया है। भारत पुनः विज्ञान गुरू बन सकता है। यात्रा का आयोजन विज्ञान भारती, आईआईटी इंदौर और मेपकॉस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। विज्ञान यात्रा की शुरूआत राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 28 फरवरी को हुई, जिसका समापन 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर होगा।विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने विज्ञान यात्रा पर निकले वाहन और टीम को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस वाहन में स्कूली छात्रों को प्रेरित करने के लिए छोटे प्रयोगों का प्रदर्शन किया गया है। बस में डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से आमजन को वीडियो दिखाने का प्रावधान भी है।

उल्लेखनीय है कि भारत की आजादी के 75 वें वर्ष के पूर्व स्वदेशी विज्ञान महोत्सव के संदर्भ में 11 से 13 मई 2021 के दौरान आईआईटी इंदौर में मध्यप्रदेश विज्ञान सम्मेलन एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा। विज्ञान यात्रा 52 जिलों के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों और जन सामान्य को विज्ञान सम्मेलन के बारे में जागरूक करेगी, जिससे अधिक-से-अधिक लोग इस आयोजन में सहभागिता कर सकें।

म.प्र. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने कहा कि भोपाल जिले में इसका शुभारंभ म.प्र. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद से हो रहा है। यह अनूठी यात्रा है। उन्होंने कहा कि विज्ञान सम्मेलन विकसित प्रदेश और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने में सहायक साबित होगा। विज्ञान भारती के प्रांतीय संगठन मंत्री श्री प्रजातंत्र गंगेले ने कहा कि विज्ञान सम्मेलन में प्रदेश के उद्यमियों और नवाचारियों को आमंत्रित किया गया है। विज्ञान भारती के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. एस. भदोरिया ने कहा कि विज्ञान यात्रा के दौरान स्थानीय भाषा के जरिये विज्ञान की बातें अधिक-से-अधिक लोगों तक पहुँचाई जा रही हैं। विज्ञान भारती, मध्यभारत प्रांत के अध्यक्ष श्री अमोघ गुप्ता ने कहा कि मध्यप्रदेश विज्ञान सम्मेलन-2021 का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान के लिए उत्प्रेरित करना और जन-जन तक विज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रसार करना है।

श्योपुर में प्रभावी एवं निर्बाध विद्युत वितरण व्यवस्था के लिए प्रबंध संचालक का दौरा

कॉन्ट्रेक्टर पर कार्यवाही, सप्लायर्स पर एफ.आई.आर के निर्देश

भोपाल से कोई सवा चार सौ किलोमीटर दूर श्योपुर की विद्युत वितरण व्यवस्था मजबूत बनाने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री विशेष गढ़पाले ने श्योपुर का एक दिवसीय सघन दौरा किया। अवैध रूप से रखे गए दो ट्रांसफार्मरों के लिए कॉन्ट्रेक्टर के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रांसफार्मर जिस कंपनी के हैं, उस सप्लायर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने विद्युत वितरण व्यवस्था के सुधार के लिए व्यापक निर्देश दिए और राजस्व संग्रह के लिए जरूरी मार्गदर्शन दिया।

गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अधिकारियों को क्षेत्र का सतत भ्रमण कर विद्युत वितरण व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिये हैं। कंपनी के प्रबंध संचालक श्री विशेष गढ़पाले ने श्योपुर जिले के भोगीका सब स्टेशन का निरीक्षण किया। यह क्षेत्र राजस्थान के सवाई माधोपुर से लगा गहरा वन क्षेत्र है। यहाँ पर उपकेन्द्र 1500 के.व्ही.ए.आर. का एक कैपेसीटर बैंक चालू था, लेकिन मैन्युअल मोड पर था और ऑपरेटर द्वारा उसे चलाया नहीं गया था। एक कैपेसीटर (1500 के.व्ही.ए.आर.) पर मात्र 300 के.व्ही.ए.आर. की यूनिट लगी थी और शेष 2-3 महीने से खराब बतायी गयी। यहाँ भी कैपेसीटर बैंक बन्द था। प्रबंध संचालक ने मौके पर दोनों को चालू कराया और संबंधित उप महाप्रबंधक एस.टी.एम. एवं उप महाप्रबंधक संचारण संधारण पर कार्यवाही के निर्देश दिए। भरौडा सब स्टेशन के निरीक्षण के दौरान दोनों कैपेसीटर बैंक चालू पाये गये, लेकिन उन्हें मैन्युअल मोड पर ही रखा गया था। उन्हें ऑटोमैटिक मोड पर करने के निर्देश दिये गये।

प्रबंध संचालक ने एक हार्डवेयर की वर्कशॉप का निरीक्षण किया एवं वहॉ भारवृद्धि कराई गई साथ ही परिसर में बिजली चोरी करने एवं पीछे ही एक फार्महाउस पर बिना कनेक्शन लिये खेती किये जाने पर प्रकरण बनाए जाने के निर्देश दिये। भोगी का सब स्टेशन के सामने श्री विक्रम सिंह का एक फार्महाउस है जहॉ ए.सी. चलते हुए पाये गये। उन्हें भार वृद्धि करने और ऐसे सभी कनेक्शनों को परिवर्तित करते हुए डी.एल. फीडर से जोड़ने के निर्देश दिये गये।

वनाधिकार धारक किसानों को मिलेगा कनेक्शन

महाप्रबंधक द्वारा निरीक्षण के दौरान बताया कि लगभग 400 ऐसे वनाधिकार धारक किसान हैं जो ओ.वाय.टी. योजना के तहत कनेक्शन लेना चाहते हैं, को कनेक्शन देने की कार्यवाही शुरू की गई है। भोगीका बायो फ्यूल का एच.टी. कनेक्शन चैक किया गया, जिस पर विगत दो माह से एम.डी. शूट हो रही थी। बी.आई. सेल को विधिनुसार कार्यवाही तथा विस्तृत जाँच करने के निर्देश दिये गये। अजय फेमिली रेस्टोरेंट का कनेक्शन चेक करने पर वहाँ दो पम्प मिले जिनका उपयोग ढाबे के लिए किया जा रहा था। इन्हें पम्प समूह से कनेक्शन दिया गया है। इसे गैर घरेलू कनेक्शन देने के निर्देश दिये गये।

ग्राम सोई के पास लेफ्ट साईट मे निर्मित हो रही 8-10 दुकानों और गाँव के अन्दर निर्मित एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की पाँच दुकानों सहित अन्य निर्माण कार्यों के अस्थाई कनेक्शन चेक करने के निर्देश दिये गये। गाँव के अन्दर शॉपिग कॉम्प्लेक्स एवं दुकानों को कनेक्शन न देने के लिए प्रबंध संचालक ने कार्मिकों पर कार्यवाही के निर्देश दिए।

बोरवेल का सर्वे कराया जाए

प्रबंध संचालक ने कहा कि श्योपुर में एक सर्वे कराया जाए कि कहाँ पर कितने बोर हैं, कितने फक्शनल हैं, कितने नॉन फक्शनल हैं। इसका रिकॉर्ड रखा जाए और धान एवं रबी का सीजन आने पर इसका फिर से भौतिक सत्यापन किया जाये।

कॉन्ट्रेक्टर पर कार्यवाही के निर्देश

महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में ही श्योपुर दक्षिण के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उप महाप्रबंधक और ऑपरेटर कंपनी के संकल्प पोर्टल का प्रचालन ही नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने दो हजार लंबित प्रकरणों पर कार्यवाही के निर्देश दिए और सभी ओ.वाय.टी. प्रकरणों को अतिशीघ्र चेक कर स्वीकृति के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे प्रकरणों को लंबित न रखा जाए, जिनसे कंपनी को राजस्व मिलता है अन्यथा संबंधित के खिलाफ आर्थिक दंड की कार्यवाही की जाएगी।

साहित्य हमेशा सत्य उदघाटित करने वाला होना चाहिए: प्रमुख सचिव श्री शाह

'साहित्य और समाज में स्त्री-स्वर' विषय पर कार्यक्रम आयोजित

साहित्य हमेशा सत्य उद्घघाटित करने वाला हो, इस दिशा में महिला साहित्यकारों को मनन करना होगा। प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास श्री अशोक शाह ने उक्त विचार रवीन्द्र भवन में आयोजित 'साहित्य और समाज में स्त्री-स्वर' कार्यक्रम में व्यक्त किये। कार्यक्रम में कहानी पाठ, स्त्री-विमर्श और कविता पाठ का आयोजन भी किया गया।

प्रमुख सचिव श्री शाह ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तीन दिवसीय कार्यक्रम पूरे प्रदेश में आयोजित किये जा रहे हैं। इसी क्रम में आज साहित्य और समाज में 'स्त्री-स्वर' विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि महिला केन्द्रित कहानी या कविता की उपयोगिता कितनी है, उसका साहित्य में कितना स्थान है, यह चिंतन का विषय है। श्री शाह ने कहा कि घटता हुआ शिशु लिंगानुपात हमारे लिये चिंता का विषय है। मैं चाहता हूँ कि इस तरह के चिंतन में साहित्यकार भी आगे आयें।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में कहानी पाठ के तहत् विख्यात कहानीकार उर्मिला शिरिष, इंदिरा दांगी, स्वाति तिवारी एवं शरद सिंह सागर ने कहानी पाठ किया। ये कहानियाँ स्त्री व्यथा, परिवार में स्त्रियों की स्थिति और उनके साहस पर केन्द्रित थीं।

स्त्री-विमर्श पर आयोजित अगले सत्र में अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती अनुराधा शंकर सिंह, दैनिक भास्कर की रेसिडेंस एडिटर उपमिता वाजपेयी, एक्शन एड की सारिका सिन्हा एवं आवाज संस्था की रोली शिवहरे शामिल हुईं।

अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती अनुराधा शंकर सिंह ने कहा कि विवाह के मायने स्त्री पुरूष के संदर्भो में अलग-अलग देखे जाते हैं। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में प्रसिद्ध कवयित्री प्रज्ञा रावत, वीणा सिन्हा, पल्लवी त्रिवेदी, श्रुति कुशवाह, आरती एवं रक्षा दुबे द्वारा कविता पाठ किया गया। कार्यक्रम में संचालक महिला एवं बाल विकास श्रीमती स्वाति मीणा नायक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

राज्य निर्वाचन आयोग मार्च में करेगा निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा

आयोग ने राजनैतिक दलों के सदस्यों के साथ की बैठक

राज्य निर्वाचन आयोग में नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन के संबंध में राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री बसंत प्रताप सिंह ने निर्वाचन प्रक्रियाओं की जानकारी दी। श्री सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देशानुसार आयोग मार्च में एक निर्वाचन की घोषणा अनिवार्यत: करेगा।

बैठक में राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों ने कहा कि पहले त्रि-स्तरीय पंचायतों के निर्वाचन करवाये जायें। प्रतिनिधियों का कहना था कि पंचायत निर्वाचन अभी नहीं करवाये गये तो वर्षा ऋतु में पंचायत निर्वाचन संभव नहीं होंगे, क्योंकि एमपी बोर्ड की परीक्षाएँ 30 अप्रैल से 18 मई तक और सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएँ 4 मई से 12 जून तक निर्धारित हैं। नगरीय निकाय निर्वाचन वर्षा ऋतु में भी हो सकते हैं।

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि पंचायत निर्वाचन के संबंध में बहुत सी कार्यवाही शासन स्तर पर लंबित है। यह कार्यवाही आगामी 15 से 20 दिन में पूरा होने की स्थिति में ही पंचायत निर्वाचन करवाने पर विचार किया जा सकता है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो पहले नगरीय निकायों के निर्वाचन करवाये जायेंगे।

बैठक में कुछ राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतपत्र से निर्वाचन कराने की बात कही। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन ईव्हीएम से ही करवाये जायेंगे। राजनैतिक दलों के सदस्यों द्वारा मतदाता सूची में हुई त्रुटियों की जानकारी देने पर राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि सभी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इस दौरान सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री दुर्ग विजय सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी से श्री एस.एस. उप्पल, श्री संतोष शर्मा, श्री ओमशंकर श्रीवास्तव, इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्री जे.पी. धनोपिया, श्री विजय सिरवैया, बहुजन समाज पार्टी से श्री सी.एल. गौतम, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से श्री शैलेन्द्र शैली, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्ससिस्ट) से श्री पी.एन. वर्मा, मध्यप्रदेश नेशनलिस्ट पार्टी से श्री राजू भटनागर और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस से श्री सचिन सिंह चौहान उपस्थित थे।