| خبریں اردو | संस्कृत समाचारः मुख्य पृष्ठ | English | संपर्क करें | साइट मेप
FaceBook Twitter You Tube

पिछला अंक

प्रवेश सूचना

रोजगार के अवसर

महत्वपूर्ण जानकारी

खेल चर्चा

पिछला सप्ताह

सामयिकी

फीचर्स

अन्य खबरें

Download Font

पिछला सप्ताह

09 जुलाई

चीन का उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) साल-दर-साल के हिसाब से जून में बढ़कर 6.4 प्रतिशत पर पहुंच गया। यह आंकड़ा जून 2008 के बाद सबसे ज्यादा है। बीजिंग से प्राप्त सांख्यिकी ब्यूरो (एनबीएस) के मुताबिक उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में हुए 6.4 प्रतिशत के इजाफे में पिछले साल हुई मूल्य वृद्धि का असर भी शामिल है। एनबीएस के अनुसार पिछले साल की मूल्य वृद्धि का इसमें 3.7 प्रतिशत अंश का योगदान रहा है। गौरतलब है कि इससे नौकरी पेशा वर्ग की चिंतायें बढ़ गई हैं।


फैशन ज्वैलरी और इससे जुड़े सहायक उत्पादों का वैश्विक बाजार करीब 16.3 अरब डॉलर का है जिसमें भारत की हिस्सेदारी नहीं के बराबर है। यह बात कपड़ा राज्यमंत्री पानाबाका लक्ष्मी ने नई दिल्ली में कही। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पाद कीमत, गुणवत्ता, डिजाइन और प्रस्तुति के लिहाज से प्रतिस्पर्धी हैं इसलिये वैश्विक बाजार में इसकी हिस्सेदारी बढ़ाने का काम मुश्किल नहीं है। इंडियन फैशन ज्वैलरी शो के उद्घाटन के दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि फैशन आभूषण के निर्यातकों को वैश्विक बाजार में आक्रामक मार्केटिंग रणनीति की जरूरत है।


दक्षिण सूडान के रूप में दुनिया के नक्शे पर एक नये देश का जन्म हुआ जब राजधानी जुबा में संसद ने देश की स्थापना की विधिवत घोषणा की। जुबा से नवोदित देश की संसद के अध्यक्ष जेम्स बनी इग्गा ने स्वतंत्रता और संप्रभुता संपन्न दक्षिणी सूडान के अस्तित्व में आने की घोषणा करते हुये कहा कि हम लोकतांत्रिक तरीकों से निर्वाचित लोगों के प्रतिनिधि यह घोषणा करते हैं कि दक्षिण सूडान एक स्वतंत्र और संप्रभु देश है। दुनिया के 196वें और अफ्रीका महाद्वीप के 56वें देश के स्थापना दिवस समारोह में संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून, भारत के उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति राबर्ट मुगाबे सहित दुनियाभर से आये नेता और आम लोग इस बात के गवाह बने।


10 जुलाई

नार्थ जापान के प्रशांत तटीय इलाकों में आये जबर्दस्त भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। टोक्यो से प्राप्त मौसम विभाग के अनुसार मुख्य द्वीप होंशु में 7.1 की तीव्रता वाले भूकंप के बाद इवाते मियागी और फुकुशिमा के लिये सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। गौरतलब है कि भूकंप दस किलोमीटर की गहराई पर उसी जगह केंद्रित था जहां ग्यारह मार्च को आये जलजले के बाद उठी समुद्री लहरों ने भारी तबाही मचाई थी।


क्या उन्हें भारत में 52 साल के निर्वासन के बाद तिब्बत लौटने की उम्मीद है? इसका जवाब मिला मुझे आज भी तिब्बत जाने की उम्मीद है। यह बात कही तिब्बत के निर्वासित आध्यात्मिक नेता दलाईलामा ने वाशिंगटन में। उन्होंने केपिटल हिल के वेस्ट लॉन में आयोजित समारोह में कहा कि चीजें बदल रही हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि सब ठीक होगा। उन्होंने चीन से महती स्वतंत्रता की उम्मीद जताते हुये कहा कि स्वतंत्रता में लोकतंत्र और कानून व्यवस्था की आवाज आ रही है।


फोन हैकिंग के मामले में विवादों में आया ब्रिटेन का साप्ताहिक अखबार न्यूज ऑफ द वर्ल्ड इतवार को बंद कर दिया गया। लंदन से प्राप्त खबरों के मुताबिक प्रकाशक न्यूज इंटरनेशनल ने पिछले सप्ताह लगाये गये फोन हैकिंग के आरोपों के बाद 168 साल पुराने इस अखबार को बंद करने की घोषणा की। संपादकीय पेज पर अखबार ने माफी मांगी। अखबार के दो सौ कर्मचारियों के सामने भाषण में मायलर ने अखबार के 8674वें और अंतिम संस्करण को हाथ में लेकर 75 लाख पाठकों का शुक्रिया अदा किया।


11 जुलाई

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री इंद्रकुमार गुजराल की पत्नी श्रीमती शीला गुजराल का दिल्ली में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक 87 वर्षीय श्रीमती गुजराल कुछ समय से बीमार थीं। लाहौर में पढ़ाई करने वाली श्रीमती गुजराल जानी-मानी लेखिका और सामाजिक कार्यकर्ता थीं। उन्होंने हिन्दी, अंग्रेजी और पंजाबी में अनेकों पुस्तकें लिखीं।


ढाका के समीप फुटबॉल खेलकर लौट रहे छात्रों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें इकतालीस छात्रों की मौत हो गई। ढाका से प्राप्त पुलिस सूत्रों के मुताबिक दो सौ चालीस किलोमीटर दक्षिण में पचास-साठ छात्रों को लेकर जा रही बस मिरेरस्वारी के पहाड़ी मार्ग पर नियंत्रण खोने से गहरी खाई में गिर गई। सूत्रों के मुताबिक मरने वाले छात्रों की संख्या बढ़ सकती है।


केंद्र सरकार ने बाघ को राष्ट्रीय पशु और मोर को राष्ट्रीय पक्षी घोषित करने की अधिसूचना दोबारा जारी की है। नई दिल्ली में सीजीओ काम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में कुछ साल पहले आग लग जाने पर अधिसूचना के मूल दस्तावेज जल गये थे। मंत्रालय ने अभिलेखागार से दस्तावेजों की एक प्रति लेने की कोशिश की पर कामयाबी नहीं मिली।


12 जुलाई

नेपाल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये दुनिया के मशहूर चित्रकार रनन ल्यूरी की यूनाइटिंग पेंटिंग को एवरेस्ट पर्वत शिखर पर लगाया गया है। काठमांडू से प्राप्त खबरों के मुताबिक नेपाल के पर्वतारोही नामग्याल शेरपा के साथ भारत के जोगब्यासा माहे और अन्य पांच शेरपा सत्रह किलोग्राम वजनी पेंटिंग लेकर एवरेस्ट पर पहुंचे। गौरतलब है कि न्यूयार्क के रहने वाले मशहूर कलाकार और राजनीतिक कार्टूनिस्ट ल्यूरी ने पच्चीस अप्रैल को नेपाल के राष्ट्रपति रामबरन यादव से मुलाकात कर पर्वतारोही नामग्याल को यह पेंटिंग सौंपी थी।


अमेरिका में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों पक्षों से आग्रह किया कि कर्ज की अधिकतम सीमा बढ़ाने के क्रम में घाटा कम करने पर सहमति कायम करने के लिये दो अगस्त से पहले उन्हें राजनीतिक कीमत अदा करनी चाहिये। यह बात अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वाशिंगटन में कही। उन्होंने व्हाइट हाउस में कहा कि अमेरिका अपने कर्ज का भुगतान करने में विफल नहीं होगा। राष्ट्रपति ने कहा कि वह अगले दशक के दौरान लगभग चार खरब डॉलर का घाटा कम करने के लिये बड़े समझौते पर जोर देते रहेंगे।


जिन बच्चों ने फिल्मों में धूम्रपान करते हुये सितारों को देखा है, उनमें धूम्रपान की आदत अन्य बच्चों से दुगुनी से भी ज्यादा होती है। यह खुलासा किया है ब्रिटिश मेडिकल जरनल के एक अध्ययन ने। इस अध्ययन के लिये नई दिल्ली के स्कूलों के बारह से सोलह साल के 3956 बच्चों पर सर्वे किया गया जिसमें यह निष्कर्ष निकाला गया।


छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में सेना की मौजूदगी सिर्फ प्रशिक्षण के लिये है और उन्हें आत्मरक्षा के बारे में कुछ खास दिशा-निर्देश दिये गये हैं। यह बात रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने नई दिल्ली में कही। उन्होंने सेना की मौजूदगी के बारे में कहा कि हम वहां नक्सलियों के साथ लड़ाई के लिये नहीं हैं। इसके साथ ही सरकार ने सैनिकों को आत्मरक्षा के लिये मानक संचालन प्रक्रियायें बताई हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि सेना की मौजूदगी अब उन इलाकों में है जहां पहले नहीं थी।

13 जुलाई

पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिये इस बार तीर्थयात्रियों को यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर विश्रामगृह में विश्राम करने का मौका मिलेगा। यह बात जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने श्रीनगर में कही। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यात्रा की समीक्षा के दौरान यात्रा के सुचारु संचालन पर संतोष जाहिर किया और विश्रामगृह बनाने के निर्देश दिये। गौरतलब है कि यह यात्रा 29 जून से शुरू हुई थी जो 13 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन खत्म होगी।


भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था में देश की राजधानी और आर्थिक राजधानी (मुंबई) का खास योगदान है जो आगे भी रहेगा। यह कहना है मैकिंजे ग्लोबल संस्थान द्वारा कराये गये सर्वे का। सर्वे के तहत 2025 में देश के सबसे अमीर 25 शहरों में दिल्ली और मुंबई शामिल होंगे। रिपोर्ट के अनुसार दिलचस्प बात यह है कि सिर्फ छह सौ शहरी केंद्रों में दुनिया की आबादी का पांचवां हिस्सा है, जो कि ग्लोबल जीडीपी की साठ फीसदी के भागीदार होंगे। 2025 की सूची में भारत, चीन और लैटिन अमेरिका के शहर शामिल होंगे।


नासा के अंतरिक्ष यान अटलांसिस के साथ अंतिम यात्रा पर गये अंतरिक्ष यात्रियों ने आखरी बार अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र आईएसएस पर चहलकदमी की। ह्यूस्टन से प्राप्त खबरों के अनुसार रोनाल्ड गरान और माइकल फासम ने इस चहलकदमी के तहत प्रयोगशाला में मरम्मत और रखरखाव के कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इसका खास मकसद कक्षा से दूर बेकार हो चुके एक प्रशीतक अमोनिया पंप को ठीक करना और इसे अटलांटिस के उपकरण में जोड़ना था ताकि यह पृथ्वी पर लौट सके। गरान और फासम ने लगभग इकतीस मिनट तक चहलकदमी के बाद अंतरिक्ष केंद्र की ऊर्जा पट्टी पर एक रोबोट और एक ऊष्मीय आवरण को लगाया।

14 जुलाई

किसी भी देश में भारत का राजदूत होना अपने आप में गौरव की बात है। यह तब और अधिक हो जाता है जब बात रूस की हो, क्योंकि इस देश के साथ भारत के बहुत घनिष्ठ संबंध हैं। यह बात कही रूस में भारत के नये राजदूत बने अजय मल्होत्रा ने। क्रेमलिन से इंडिया हाउस लौटने के बाद श्री मल्होत्रा ने कहा कि वह बहुत खुश हैं। श्री मल्होत्रा रूस में पी.पी. शुक्ला का स्थान लेंगे जो क्रेमलिन में 2007 से 2011 तक भारत के राजदूत रहे।


यमन में विरोधियों और इस्लामी समूह के समर्थकों के बीच चल रहे संघर्ष में पिछले एक सप्ताह में सत्ताइस से ज्यादा लोग मारे गये हैं। यह जानकारी सना में चिकित्सा अधिकारी ने दी। उन्होंने कहा कि मरने वालों में पंद्रह उत्तर के विद्रोहियों के समर्थक तथा दस विरोधी गुट के लोग और दो आम नागरिक शामिल हैं।


नाटो के युद्ध अपराधों ने ग्यारह सौ लोगों की जान ले ली है। यह बात लीबिया के एक सरकारी वकील ने कही। उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि ग्यारह सौ से ज्यादा लोग मारे गये हैं और पैंतालीस सौ लोग घायल हो गये हैं जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।


जैसे ही वह वीजा और रक्षा प्रशिक्षकों को लेकर वाशिंगटन की चिंताओं का समाधान करेगा इस्लामाबाद को दी जाने वाली अस्सी करोड़ डॉलर की सैन्य सहायता पर लगी रोक हटा ली जायेगी। यह बात पेंटागन के प्रवक्ता मरीन लेफ्टिनेंट डेव लैपन ने वाशिंगटन में कही। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मैं पाकिस्तान को सैन्य सहायता निलंबित किये जाने को एक नाटकीय कदम नहीं कहूंगा। अमेरिकी सैन्य कर्मियों के लिये वीजा हासिल करना भी चुनौती है, जो कि इन उपकरणों को लेकर जायेंगे।


15 जुलाई

भारत ने अत्याधुनिक संचार उपग्रह जी सैट-12 का श्रीहरिकोटा से सफलता-पूर्वक अंतरिक्ष में प्रक्षेपण किया। श्रीहरिकोटा से प्राप्त खबरों के मुताबिक स्वदेशी ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान पीएसएलवीसी-सत्रह से सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में प्रक्षेपण किया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के माध्यम से बीस मिनट बाद ही जी सेट-बारह अपनी कक्षा से जुड़ गया। यह अपने साथ बारह सी बैंड ट्रांसपोंडर ले गया। इससे टेली मेडिसीन, टेली एजुकेशन, संचार और मौसम पूर्वानुमान सेवाओं के क्षेत्र में काम करने वालों को मदद मिलेगी।


रूस ने कहा है कि भारत को 2008 में परमाणु आपूर्ति समूह (एनएसजी) के निर्यात प्रतिबंध से जो छूट मिली थी वह जारी रहेगी। मास्को से प्राप्त समाचार के अनुसार मास्को चाहता है कि विश्व स्तर पर परमाणु के आर्थिक वातावरण में भारत की अहम भूमिका हो। रूस की तरफ से यह आश्वासन तब आया है जब भारत ने एनएसजी के उन नये निर्देशों के खिलाफ आवाज उठाई है, जिसमें आपूर्ति के लिये एनपीटी (परमाणु प्रसारण संधि) का सदस्य होना भी एक जरूरी शर्त है।


अमेरिका में फिर एक बार आर्थिक संकट का खतरा मंडरा रहा है। वाशिंगटन से प्राप्त खबर के मुताबिक अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत है, जिससे इसकी चपेट में अन्य देश भी आ सकते हैं। क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों ने अब अमेरिकी सरकार की कर्ज लेने की क्षमता पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं। सूत्रों के मुताबिक अमेरिकी संसद ने सरकार की उधार देने की क्षमता अगस्त तक नहीं बढ़ाई तो अमेरिका में 2008 जैसी मंदी का दौर आ सकता है।


Copyright 2006 Department of Public Relations. All rights reserved, Disclaimer, Privacy Policy
Site Designed and Maintained by CRISP, Bhopal, (M.P.) INDIA