| خبریں اردو | संस्कृत समाचारः मुख्य पृष्ठ | English | संपर्क करें | साइट मेप
FaceBook Twitter You Tube

पिछला अंक

प्रवेश सूचना

रोजगार के अवसर

महत्वपूर्ण जानकारी

खेल चर्चा

पिछला सप्ताह

सामयिकी

फीचर्स

अन्य खबरें

Download Font

पिछला सप्ताह

25 जून

युद्ध अधिकार १९७३ के कानून के मुताबिक ओबामा को सेना के इस्तेमाल को लेकर साठ दिनों के अंदर कांग्रेस से औपचारिक इजाजत लेनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं करने पर रिपब्लिकन और डेमोक्रेट सांसदों ने नाराजगी जाहिर की है। वाशिंगटन से मिली खबरों के मुताबिक अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की अपील और नाटो की चेतावनी को दरकिनार करते हुये प्रतिनिधि सभा गद्दाफी समर्थक बलों पर अमेरिकी हमले खत्म करने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दे देगी। गौरतलब है कि कानून को नजरअंदाज किये जाने को लेकर राष्ट्रपति बराक ओबामा को आलोचना का शिकार होना पड़ा।


परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) के संवेदनशील परमाणु व्यापार पर नये दिशा-निर्देशों को मंजूरी देने के फैसले से भारत और एनएसजी के बीच की नजदीकी बढ़ी है। यह बात अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता विक्टोरिया नुलैंड ने वाशिंगटन में कही। उन्होंने कहा कि हम बहुत खुश हैं कि एनएसजी की ओर से इस बारे में एक बैठक की गई। विक्टोरिया नुलैंड ने कहा कि एनएसजी के साथ भारत के रिश्ते को लेकर हमने कुछ कामयाबी हासिल की है। भारत को इसके नजदीक लाने में हम आगे बढ़े हैं और इस बारे में बातचीत जारी रहेगी।


दो महीने तक हर दिन छह सौ कैलोरी लेकर डायबिटीज दो नामक बीमारी से छुटकारा पा सकते हैं। यह दावा एक ब्रिटिश अध्ययन में किया गया है। लंदन से प्राप्त खबरों के मुताबिक इस प्रयोग को ग्यारह मरीजों पर सफलतापूर्वक करने के बाद सात मरीज डायबिटीज से बिल्कुल ठीक हो गये। ठीक हुये मरीज इन्सूलिन के आदी थे। न्यूकेस्टल विश्वविद्यालय के अध्ययन के मुताबिक नतीजों में पाया गया कि लगातार लो कैलोरी डाइट पेनक्रियाज के स्त्राव को भी बेहतर कर देती है।


26 जून

भारतीय रेल में दुर्घटना के वक्त लगने वाले झटकों से बचाने वाले खास किस्म के इंजन के डिजाइन तैयार करने के लिये अमेरिकी कंपनी को तय किया गया है। नई दिल्ली से मिली खबरों के मुताबिक अमेरिकी कंपनी भिड़ंत की स्थिति में परीक्षण के लिये प्रोटो टाइप तैयार करेगी। सुरक्षा उपायों के तहत भारतीय रेल ने उच्च प्रौद्योगिकी वाले रेल इंजनों का विनिर्माण करने का फैसला किया है। गौरतलब है कि भारतीय रेल की कंपनी टाइटस राइट्स को पच्चीस करोड़ रुपये की लागत के साथ यह परियोजना सौंपी गई है।


भारतीय मूल के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. दयानंद नायक को चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये भारतीय मूल के डॉक्टरों के संगठन एपीआई ने न्यूयॉर्क में विशिष्ट सम्मान से सम्मानित किया है। न्यूयॉर्क से मिली खबरों के मुताबिक कर्नाटक मूल के डॉक्टर नायक न्यूयॉर्क के मशहूर चिकित्सक हैं और वह जेवियर यूनिवर्सिटी बोर्ड के न्यासी भी रह चुके हैं। डॉ. नायक न्यूयॉर्क मेडिकल कॉलेज में एसोसियेट प्रोफेसर हैं।


हिंद महासागर क्षेत्र और भारतीय वायु क्षेत्र में हवाई यातायात के लिये नौवहन सुविधा देने वाले एक उपग्रह को स्थापित कर दिया गया है। यह बात भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री वी.पी. अग्रवाल ने विमानन सुरक्षा पर एविएशन वॉच जर्नल द्वारा आयोजित एक कार्यशाला में नई दिल्ली में कही। उन्होंने कहा कि यह उपग्रह जीपीएस सहायतायुक्त भू-संवर्द्धित नौवहन (जीएजीएएन) प्रणाली को संचालित करेगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि हम उपग्रह आधारित संवर्द्धन प्रणाली के प्रमाणीकरण की स्थिति में हैं और जून २०१३ तक हमारे पास इस प्रणाली का प्रमाणन होगा।


27 जून

भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी रंजन मथाई फ्रांस में भारत के राजदूत होंगे। यह बात आधिकारिक प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने नई दिल्ली में कही। उन्होंने कहा कि निरूपमा राव की जगह लेने वाले रंजन मथाई एक अगस्त को कार्यभार ग्रहण करेंगे, उनका कार्यकाल दो साल का होगा। पूना विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में स्नातकोत्तर करने के बाद मथाई १९७४ में भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुये। उन्होंने वियना, कोलंबो, वाशिंगटन, तेहरान और ब्रसेल्स में भारतीय दूतावासों में जिम्मेदारियां संभाली हैं।


जापान सरकार के आपदा विरोधी काउंसिल के विशेषज्ञों के एक पैनल ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट में कहा है कि वह ऐसी सुनामी के लिये तैयार रहे जो सहस्त्राब्दि में कभी-कभी आती है। टोक्यो से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पैनल ने इस साल ग्यारह मार्च को आये भयंकर भूकंप और उसके बाद आई सुनामी के बाद उठाये गये कदमों की समीक्षा पर अपनी एक रिपोर्ट में यह सिफारिश की है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाले सेंट्रल डिजास्टर प्रिवेंशन काउंसिल ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि जापान के पुराने आपदा विरोधी उपाय मार्च में आई प्राकृतिक आपदा के स्तर का अनुमान नहीं लगा पाये। रिपोर्ट का कहना है कि मार्च में आये विनाशकारी कदमों को देखते हुये हमें बेहतर आपदा विरोधी कदमों की जरूरत है। गौरतलब है कि अभी तक सेंट्रल डिजास्टर प्रिवेंशन काउंसिल भूकंप आने के बाद के कदमों का आकलन करता रहा है।


जर्मनी वर्तमान में प्रचलित मुद्रा यूरो के स्थान पर फिर से ड्यूश मार्क को प्रचलन में लाने की तैयारी में हैं। लंदन से प्रकाशित डेली एक्सप्रेस में कहा गया है कि यह कयास लगाये जा रहे हैं कि यूरो के स्थान पर एक बार फिर ड्यूश मार्क बैंक नोट छापे जा रहे हैं। बुंदेस बैंक ने यूरोप में एक समान मुद्रा प्रणाली से अलग होने की तैयारी करते हुये इसकी छपाई का ऑर्डर दिया है।


28 जून

ईरान ने चौदह मिसाइलों का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक परीक्षण ग्रेट प्रोफेट छह वार गेम पर किये गये। एजेंसी के मुताबिक इन मिसाइलों में नौ जेल जल, शहाब एक और शहाब दो की दो-दो और एक शहाब तीन मिसाइल शामिल थी।


जापान में आये भूकंप और सुनामी से क्षतिग्रस्त हुये फुकुशिमा दाई ची परमाणु संयंत्र के आसपास के शहरों में रहने वाले तकरीबन चौंतीस हजार बच्चों को विकिरण मीटर दिये जायेंगे। टोक्यो के एक अधिकारी के मुताबिक फुकुशिमा परमाणु संयंत्र की वजह से बढ़ रहे खतरे को देखते हुये बच्चों को यह मीटर दिया जा रहा है। अधिकारी के मुताबिक विकिरण के बढ़ते खतरे से स्वास्थ्य संबंधी दीर्घकालिक समस्यायें होने का डर है।


देश में फौरन चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ (सीडीएस) पद की जरूरत नहीं है, क्योंकि सशस्त्र सेनाओं के विभिन्न अंगों के बीच अब अच्छा तालमेल है। यह बात वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल पी.वी. नाइक ने इलाहाबाद में केन्द्रीय हवाई कमान मुख्यालय में संवाददाताओं से कही। उन्होंने कहा कि मैं चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ पद के खिलाफ नहीं हूँ। मुझे लगता है कि अगले पाँच-दस साल तक इसकी कोई जरूरत नहीं है। श्री नाइक ने कहा कि मुझे भारत में इस प्रकार की संस्था की तात्कालिकता को लेकर संदेह हैं। हमें दूसरे देशों की नकल नहीं करना चाहिये क्योंकि हमारी जरूरतें अलग हैं।

29 जून

लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू की और उनकी पार्टी को चेतावनी दी गई है कि सभी राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगायें। यह चेतावनी दी है म्यांमार की सैन्य समर्थित सरकार ने यंगून में। न्यू लाइट ऑफ म्यांमार की खबर के मुताबिक गृह मंत्रालय ने सू की को एक पत्र द्वारा सूचित किया है कि उनकी पार्टी बैठकें आयोजित करके और बयान जारी कर कानून तोड़ रही है।


भारत और अमेरिका ने दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई है। वाशिंगटन से प्राप्त खबरों के मुताबिक खासतौर पर तीन महत्वपूर्ण क्षेत्रों में जैसे बड़ी आर्थिक चुनौतियां, वित्तीय सुधार और आधारभूत वित्तीय संरचना के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर दोनों पक्षों में सहमति हुई है। वाशिंगटन में द्वितीय भारत-अमेरिका आर्थिक तथा वित्तीय साझेदारी बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया दोनों देश दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से हैं।


अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा आगामी आठ जुलाई को अंतिम अंतरिक्ष शटल को प्रक्षेपित करेगा। यह जानकारी वाशिंगटन से नासा के प्रमुख बिल ब्रेस्नमेयर ने दी। उन्होंने कहा कि नासा के प्रबंधकों ने फ्लोरिडा के केनेडी अंतरिक्ष केंद्र में एक बैठक की। नासा प्रमुख ने कहा कि अंतरिक्ष शटल को प्रक्षेपित किये जाने के बाद नासा का तीस साल पुराना शटल कार्यक्रम पूरा हो जायेगा।


जापान में सुनामी से क्षतिग्रस्त फुकुशिमा परमाणु बिजली संयंत्र के करीब समुद्र तल में रेडियोधर्मी पदार्थ सट्रोटियम का उच्च स्तर पाया गया है। न्यूज एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने टोक्यो इलेक्ट्रिक पॉवर कार्पोरेशन (टेप्को) के अधिकारियों के हवाले से बताया कि संयंत्र से तीन किलोमीटर दूर समुद्र तल की मिट्टी में ८९ से ९० के बीच सट्रोटियम का पता चला है। गौरतलब है कि ग्यारह मार्च को आये नौ तीव्रता के भूकम्प के बाद सुनामी की लहरों ने देश के उत्तर-पूर्वी प्रांतों में भयानक तबाही मचाई थी। इस त्रासदी के दौरान फुकुशिमा परमाणु के संयंत्र में विस्फोट भी हुआ था।

30 जून

अगर कोई क्षुद्र ग्रह भारत से टकराता है तो इसके नतीजे खतरनाक हो सकते हैं। इस नुकसान से उबर पाना नामुमकिन होगा। लंदन से प्राप्त खबरों के मुताबिक ब्रिटेन के वैज्ञानिकों ने क्षुद्र ग्रह से टकराने का सबसे ज्यादा खतरा झेलने वाले देशों की सूची तैयार की है, जिसमें भारत शुरू के दस देशों में शामिल है। भारत के अलावा इस खतरे को सबसे ज्यादा झेलने वाले नौ अन्य देश चीन, इंडोनेशिया, जापान, अमेरिका, फिलीपीन, इटली, ब्रिटेन, ब्राजील और नाइजीरिया हैं।


ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने से आर्कटिक क्षेत्र की भविष्य में वैश्विक कार्बन सिंक के रूप में काम करने की क्षमता पर बुरा असर पड़ेगा। यह कहना है एनआईओ के वैज्ञानिक एस. प्रसन्नाकुमार का। यह बात उन्होंने पणजी में कही। उन्होंने कहा कि आर्कटिक विश्व का करीब पच्चीस प्रतिशत कार्बन अवशोषित कर लेता है। एस. प्रसन्नाकुमार ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि आर्कटिक क्षेत्र अगले तीस से चालीस सालों में बर्फ से मुक्त हो जायेगा।


 भारत काबुल के सुरक्षा मामलों में शामिल नहीं होना चाहता लेकिन वहां के विकास कार्यों को जारी रखेगा। यह बात वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने वाशिंगटन में कही। वित्त मंत्री ने अफगानिस्तान की स्थिति पर अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से चर्चा कर चिंता जताई।


01 जुलाई

हम नेरपा परमाणु पनडुब्बी को इस साल के आखरी तक भारत को सौंप देंगे। यह बात रूसी नौसेना के प्रमुख एडमिरल व्लादिमीर विसोत्सकी ने मॉस्को में कही। उन्होंने कहा कि पूरी तरह से प्रशिक्षित एक भारतीय चालक दल इस पनडुब्बी का संचालन करने के लिये तैयार है। नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत को सौंपे जाने के बाद इसे आईएनएस चक के नाम से जाना जायेगा।


ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय दिल खोलकर खर्च करने के लिये जानी जाती हैं लेकिन अब उनके शाही खर्च में नौ प्रतिशत की कटौती की जायेगी। लंदन से प्राप्त खबरों के मुताबिक महारानी एलिजाबेथ को वर्ष २०१३-१४ में करीब ३.४ करोड़ पाउंड मिलेंगे।


अंग्रेजी अंग्रेजों की मातृभाषा होने के बावजूद वे अंग्रेजी बोलने में अन्य लोगों से पिछड़ रहे हैं। यह बात ब्रिटिश वाणिज्य मंडल के महानिदेशक डेविड फ्रॉस्ट ने लंदन में कही। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश युवकों को ठीक तरीके से अंग्रेजी बोलना, लिखना और पढ़ना नहीं आता है और वे ज्यादा काम भी नहीं कर पाते हैं। महानिदेशक ने कहा कि यही वजह है कि कोई उन्हें काम नहीं देना चाहता क्योंकि ज्यादा और अच्छा काम करने वाले कम तनख्वाह पर मिल जाते हैं।


चीन में जंगलों की देखरेख का कामकाज अब रोबोटोंे की एक फौज को सौंपने की तैयारी चल रही है। यह बात हांगकांग स्थित चीन विश्व-विद्यालय के प्रोफेसर सू यांगशेंग ने कही। उन्होंने कहा कि कैटरपिलर (इल्ली) की तरह दिखने वाले यह रोबोट पेड़ों पर चढ़कर ऊंचाई से जंगलों की निगरानी करेंगे। सू यांगशेंग के मुताबिक ट्रीबोट कहलाने वाले इस रोबोट में लगा कैमरा इसके आसपास की सीधी तस्वीरों को प्रसारित करने में सक्षम है।


Copyright 2006 Department of Public Relations. All rights reserved, Disclaimer, Privacy Policy
Site Designed and Maintained by CRISP, Bhopal, (M.P.) INDIA