| خبریں اردو | संस्कृत समाचारः मुख्य पृष्ठ | English | संपर्क करें | साइट मेप
FaceBook Twitter You Tube
सफलता की कहानी

सुबह आवेदन, शाम को हुआ काम

गाँवों में मशहूर हो रहा है अनोखा कायदा

भोपाल :10 दिसम्बर, 2011

सुबह किसी सरकारी काम के लिये आवेदन देकर शाम को इसे करवा लेना अब प्रदेश में आम बात हो चली है। हरदा जिले में दो दिन पहले बुधवार को ऐसी ही सच्चाई के चार लोग गवाह बने। स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र और खसरे की नकल के लिये इन लोगों ने सुबह आवेदन किये और शाम को यह दस्तावेज उनके हाथों में थे। जिले के ग्रामीण अँचल में लोक सेवा गारंटी कानून की यह कार्रवाई इन दिनों अनोखा कायदा बनकर चर्चाओं में शुमार है।

जिले के ग्राम झाड़पा के संतोष, कमताड़ा के कमलेश, सोनखेड़ी के रेवाशंकर और बालागाँव की सुनीता अपनी जरूरत के यह कागजात लेने दो दिन पहले जिला कलेक्टर के दफ्तर में पहुँचे थे। यहीं समाधान एक दिन में केन्द्र पर इन चारों ने स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र और खसरे की नकल के लिये लोक सेवा गारंटी कानून के तहत आवेदन लगाए। इसके बाद उन्हें खाली हाथ गाँव लौटने की मजबूरी नहीं झेलनी पड़ी। कर्मचारियों ने खुद उन्हें रोका और सारी औपचारिकताएँ पूरी कर दफ्तर बंद होने के पहले इन ग्रामीणों को चाहे गये दस्तावेज उपलब्ध करवा दिये।

कलेक्टर डॉ. सुदाम खाड़े का कहना है कि ऐसा आये दिन हो रहा है। जिले में लोक सेवा गारंटी कानून के तहत अब तक 6,751 आवेदनों पर सरकारी सेवाएँ तयशुदा वक्त में उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं। उधर ग्रामीणों में रोजमर्रा की चर्चाओं में यह कानून अनोखा कायदा बनकर और लोगों को भी अपनी ओर खींच रहा है।

योगेश शर्मा

पिछला पृष्ठ

मुख्य पृष्ठ

Copyright 2006 Department of Public Relations. All rights reserved, Disclaimer, Privacy Policy
Site Designed and Maintained by CRISP, Bhopal, (M.P.) INDIA