|
श्री सरताज सिंह का जन्म 26 मई 1940 को बड़नगर, जिला उज्जैन में हुआ। पिता स्व. श्री अवतार सिंह छतवाल के साथ भारत-पाक विभाजन के पश्चात् वर्ष 1948 में रावलपिण्डी से इटारसी आये।
दिल्ली विश्वविद्यालय से 1960 में स्नातक होने के बाद श्री सरताज सिंह पैतृक व्यवसाय में लग गये। वर्ष 1962 में स्व. हरिविष्णु कामथ के सम्पर्क में आये और उनसे प्रभावित होकर राजनीति में सक्रिय हुए। 1970 के इटारसी नगर पालिका चुनाव में एल्डरमैन चुने गये। 1971 में 6 माह तक नगर पालिका के कार्यकारी अध्यक्ष रहे। 1975 में नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष चुने गये। आपातकाल की घोषणा होने से कार्यभार ग्रहण नहीं किया और जुलाई 1975 से नवम्बर 1976 तक मीसा के अन्तर्गत निरूध्द रहे। 1978 से 1980 तक इटारसी नगर पालिका अध्यक्ष रहे।
1985 में विधान सभा चुनाव में बहुत कम मतों से पराजित हुए।
होशंगाबाद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से 1989 से 1996 तक की अवधि में तीन लोक सभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी श्री रामेश्वर नीखरा को लगातार हराया। 1998 में लोक सभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी श्री अर्जुन सिंह को हराया। 1999 में लोक सभा चुनाव नहीं लड़ा। 2004 में पुन: लोक सभा चुनाव में विजयी रहे।
2008 में होशंगाबाद जिले के सिवनी मालवा विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और कांग्रेस प्रत्याशी एवं तत्कालीन विधान सभा उपाध्यक्ष श्री हजारी लाल रघुवंशी को हराया।
श्री सरताज सिंह ने सांसद के रूप में अपने संसदीय क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में काफी योगदान किया और जिले में खेलकूद गतिविधियों को प्रोत्साहित किया। क्षेत्र में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया।
संसदीय समिति के सदस्य के रूप में उन्होंने नौ यूरोपीय देशों की यात्रा की। यू.एन.ओ. में भारतीय प्रतिनिधि मण्डल में सदस्य के रूप में अमेरिका की यात्रा की। भारतीय औद्योगिक प्रतिनिधि मण्डल के सदस्य के रूप में चीन यात्रा की।
अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान वे रेलवे सलाहकार समिति, जल-थल-वायु परिवहन समिति, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग समिति, प्रीविलेज समिति, रेलवे कन्वेंशन समिति के सदस्य रहें। विधान सभा की आश्वासन समिति के सभापति एवं अन्य समितियों में भी सदस्य रहे।
उन्होंने 28 अक्टूबर 2009 को मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य की शपथ ली और वन मंत्री बने।
|