|
श्री रामकृष्ण कुसमरिया का जन्म 30 जुलाई, 1942 को दमोह जिले की हटा तहसील के ग्राम सकौर में हुआ था। श्री कन्हैयालाल कुसमरिया के पुत्र श्री रामकृष्ण कुसमरिया का व्यवसाय कृषि है। समाज सेवा, चित्रकला, कविता एवं बागवानी में आपकी अभिरुचि है। आप बी.एस.सी. (कृषि), एम.एस.सी., एग्रीकल्चर इकॅनामिक्स (आनर्स) शिक्षित हैं।
श्री रामकृष्ण कुसमारिया 1973 में लेव्ही विरोधी अभियान, बैरियर तोड़ो अभियान में संलग्न रहे। 1975-77 में आप 18 माह मीसा में जेल में निरुध्द रहे। वर्ष 1977 में श्री कुसमरिया पहली बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए। 1980-85 तक जवाहरलाल नेहरू नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कोर्ट सदस्य, 1982-85 तक सागर संभागीय कृषक मोर्चा के संयोजक तथा भाजपा के प्रदेश प्रतिनिधि रहे। 1982-83 में भा.ज.पा. युवा मोर्चा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी नियुक्त हुए। श्री रामकृष्ण कुसमरिया वर्ष 1985 में द्वितीय बार विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए। आप वर्ष 1990 में तीसरी बार हटा से विधायक निर्वाचित हुए।
श्री कुसमारिया वर्ष 1991 में विधायक रहते हुए दमोह-पन्ना लोकसभा क्षेत्र से दसवीं लोकसभा के लिए सांसद चुने गये। बाद में आप 11वीं लोकसभा के लिये वर्ष 1996 में पुन: सांसद चुने गये। वर्ष 1998 में श्री कुसमरिया बारहवीं लोकसभा के लिए तथा 1999 में तेरहवीं लोकसभा के लिए चौथी बार सांसद के रूप में निर्वाचित हुए। श्री कुसमरिया वर्ष 2004 में 14वीं लोकसभा में पांचवी बार खजुराहो संसदीय क्षेत्र से सांसद चुने गये। इस दौरान आप लोकसभा की विभिन्न समितियों के सदस्य रहे।
श्री कुसमरिया नवम्बर 2008 में तेरहवीं विधानसभा के लिए विधायक निर्वाचित हुए। आपको 20 दिसम्बर, 2008 को शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में शामिल किया गया।
|