|
3 मार्च 1942 को जन्में श्री नागेन्द्र सिंह पूर्व रियासत नागौद के स्व. महाराजा महेन्द्र सिंह एवं महारानी श्याम कुमारी के तृतीय पुत्र हैं। श्री सिंह ने बी.काम. तक की शिक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्राप्त की है।
श्री नागेन्द्र सिंह वर्ष 1969 में भारतीय जनसंघ के सदस्य बने। उन्होंने जनसंघ संगठन में सक्रिय कार्यकर्ता होने के बतौर स्थानीय समिति के अध्यक्ष, नागौद मण्डल अध्यक्ष और वर्ष 1974 में जिला अध्यक्ष पद पर अपनेर् कत्तव्यों का निर्वहन किया। श्री सिंह आपातकाल में मीसा बंदी भी रहे।
श्री नागेन्द्र सिंह वर्ष 1977 में पहली बार विधान सभा के सदस्य निर्वाचित हुए और फिर वर्ष 1980- 85 में विधान सभा सदस्य बने। वे 1990 से 1993 तक मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष भी रहे। श्री सिंह ने विधान सभा में प्राक्कलन समिति, सरकारी उपक्रम समिति और विशेषाधिकार समिति के सदस्य के रुप में भी जिम्मेदारी निभाई। वे वर्ष 1987 में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य भी रहे। श्री सिंह वर्ष 2003 में पुन: विधान सभा सदस्य निर्वाचित हुए।
श्री नागेन्द्र सिंह की पर्यावरण संरक्षण, वन सुरक्षा एवं विकास, पर्यटन विकास और पुस्तकों के अध्ययन में विशेष अभिरुचि है।
श्री नागेन्द्र सिंह को 4 दिसम्बर 2005 को श्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमण्डल में राज्यमंत्री बनाया गया है। श्री नागेन्द्र सिंह को 25 अगस्त 2007 को शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमण्डल में कैबिनेट मंत्री के रूप शपथ दिलायी गयी।
श्री नागेन्द्र सिंह को 20 दिसंबर 2008 को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में शामिल किया गया है।
|